एक सप्ताह से वायु सेना के जेट विमान यहां चीन सीमा क्षेत्र में अभ्यास कर रहे हैं।
विमानों के अभ्यास को देखते हुए बदरीनाथ और केदारनाथ धामों के लिए हवाई सेवा दे रही हेलीकॉप्टर कंपनियों को उड़ान भरने के लिए एडीसी (एयर डिफेंस क्लीयरेंस) कार्यालय से अनुमति लेनी पड़ रही है, जिससे कई बार हेली कंपनियों को दोपहर बाद अपनी सेवा बंद करनी पड़ रही हैं।
बदरीनाथ और केदारनाथ धामों की यात्रा को सुगम बनाने के लिए विभिन्न हेलीकॉप्टर कंपनियों की ओर से केदारनाथ घाटी में हवाई सेवाएं चलाई जा रही हैं।
मौजूदा समय में दोनों धामों के लिए पांच हेलीकॉप्टर कंपनियां अपनी सेवाएं दे रही हैं। गुप्तकाशी से चल रही देवभूमि एविएशन के एमडी योगेंद्र राणा ने बताया कि वायु सेना के अभ्यास के चलते इन दिनों हेलीकॉप्टर की प्रत्येक उड़ान से पहले वायु सेना के दिल्ली स्थित एडीसी कार्यालय से अनुमति लेनी पड़ रही है। कई बार दोपहर बाद सेवा बंद करनी पड़ रही है।