जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक लेते हुए कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर संचालित कार्यों की समीक्षा की। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को वैक्सीनेशन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए, साथ ही कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए अतिरिक्त वार्ड ब्वाय, डाटा एंट्री ऑपरेटर, लैब टेक्नीशियन तथा स्वीपर के लिए पीआरडी से प्रशिक्षित जवानों की मांग करने को कहा।
कहा कि स्वास्थ्य विभाग अधिकाधिक लोगों का सैंपल लेना सुनिश्चित करें। ग्राम प्रधानों से गांव में आने वाले लोगों की जानकारी ली जाए। ट्रेसिंग कार्यों में लगी ब्लाक रिस्पांस और सिटी रिस्पांस टीम से भी प्रतिदिन की रिपोर्ट लेने के निर्देश दिए गए। साथ ही गौचर तथा गैरसैंण बैरियर पर किए जा रहे एंटीजन टेस्ट में जो संक्रमित मिल रहे हैं उनको मौके पर ही होम आइसोलेशन किट उपलब्ध करें। डिप्टी सीएमओ डा. एमएस खाती ने कहा कि 18 से 44 आयु वर्ग के नागरिकों को वैक्सीनेशन के लिए पंजीकरण करने के बाद जब उनके पास सेंटर और समय का मैसेज आएगा तभी संबंधित व्यक्ति को अपने निर्धारित वैक्सीनेशन सेंटर पर टीका लगाने के लिए आना होगा। इस मौके पर सीएमस डा. जीएस चुफाल, डीडीएमओ एनके जोशी, समन्वयक महेश देवराड़ी आदि मौजूद थे।