पिछले दिनों हुई बारिश से देवाल घाटी को कुमाऊं से जोड़ने वाली ग्वालदम-खम्पाधार-चिड़ंगा सड़क बंद होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जल्द सड़क खोलने की मांग उठाई।
चिडंगा स्टेट, चायखाना, मगरकुड़ा, सिराल आदि गांवों की तीन हजार से अधिक जनसंख्या को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए बना सात किमी ग्वालदम-खम्पाधार-चिड़ंगा मल्ला मार्ग पांच दिनों से बंद है, जिससे कुमाऊं मंडल को जाने वाले लोगों को 40 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। सड़क बंद होने से बच्चे स्कूल और मरीज अस्पताल नहीं जा पा रहे हैं। कई ग्रामीणों के वाहन सड़क पर ही फंसे हैं। ग्रामीण खच्चरों से सामान ढो रहे हैं।
महावीर शाह, नवीन चंद्र, गजेंद्र रावल, हीरा सिंह, सरपंच कमल पंवार ने कहा कि बारिश और बर्फबारी से सड़क पर मलबा आ गया और बीचों-बीच गड्ढे हो गए हैं। कई बार विभाग को सड़क ठीक करने के लिए कहा गया था, लेकिन हर बार जेसीबी में तेल नहीं होने का बहाना बनाया जा रहा है। वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जगदीश रावत ने कहा कि जेसीबी को जल्द सड़क खोलने के लिए भेजा जाएगा।