गोपीनाथ मंदिर परिसर में अत्यधिक भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए मंदिर से जुड़े लोगों ने लिया फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। इस बार होली गोपीनाथ मंदिर परिसर के बजाय रामलीला मैदान में खेली जाएगी। मंदिर समिति और स्थानीय लोगों ने अत्यधिक भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया है।
प्रतिवर्ष गोपेश्वर के गोपीनाथ मंदिर परिसर में होली पर्व हर्षोल्लास के साथ खेला जाता है। होली पर जगह-जगह से होल्यारों की टोली मंदिर के पीछे पठाल (पत्थर) वाले मकानों के परिसर में पहुंचती है। यहां महिला-पुरुष होली के गीतों पर नाचते हैं। शाम तक यहांं होली का जश्न मनाया जाता है। मगर पिछले कुछ वर्षों से यहां असामाजिक तत्व भी पहुंच रहे हैं जो शराब के नशे में माहौल को बिगाड़ देते हैं। विगत वर्ष भी मंदिर परिसर में नशे में धुत कुछ युवा आपस में ही झगड़ गए थे जिससे अपने परिवार के साथ पहुंचे लोग व महिलाएं जल्दी वहां से चले जाते हैं। मंदिर समिति से जुड़े लोगों ने बताया कि अत्यधिक भीड़ और महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए चार मार्च को होली रामलीला मैदान में खेली जाएगी जबकि दो व तीन मार्च को स्थानीय लोग मंदिर परिसर में होली खेलेंगे। मंदिर के समीप रामलीला मैदान में भी होली के गीतों की प्रस्तुति के लिए लाउडस्पीकर लगाए जाएंगे।