जिला अस्पताल के कोविड सेंटर में ड्यूटी कर रहे स्वास्थ्य कर्मियों को अस्पताल प्रशासन ने गढ़वाल मंडल विकास निगम के गेस्ट हाउस में ठहरने और खाने की निशुल्क व्यवस्था कर दी है। सीएमएस डा. जीएस चुफाल ने बताया कि गेस्ट हाउस के सभी कक्षों को स्वास्थ्य कर्मियों के लिए आरक्षित कर दिया गया है। दो दिन पूर्व कोविड सेंटर में ड्यूटी पर तैनात तीन स्टाफ नर्स और वार्ड ब्वाय का पूरा परिवार कोरोना संक्रमित हो गया था, जिसके बाद ड्यूटी कर रहे डॉक्टर और कर्मचारियों ने रात्रि को ठहरने व खाने-पीने की अलग से व्यवस्था करने की मांग अस्पताल प्रशासन और जिला प्रशासन से की थी। चिकित्सकों की मांग को सीएमएस डा. जीएस चुफाल ने जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के सम्मुख रखा था, जिस पर डीएम ने नगर में स्थित जीएमवीएन के गेस्ट हाउस के सभी कक्षों को स्वास्थ्य कर्मियों के लिए आरक्षित कर दिया है। सीएमएस डा. चुफाल ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मी अब कोविड सेंटर में ड्यूटी करने के बाद गेस्ट हाउस में ठहरेंगे।