गोपेश्वर। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बैरागना में गोष्ठी का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय सुपरवाइजर शांति तिवारी ने छात्राओं को स्वास्थ्य के साथ ही सफाई पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। दशोली की सुपरवाइजर शिवदेई देवी ने कहा कि इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करने के बाद छात्राओं को नंदा गौरा योजना के तहत 51000 रुपये दिए जाते हैं। वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारियों ने सेंटर की ओर से दी जाने वाली सुविधा घरेलू हिंसा और पॉक्सो एक्ट के बारे में जानकारी दी। इस दौरान छात्राओं को सैनेटरी नैपकिन भी वितरित किए गए। मौके पर वन स्टॉप सेंटर की सखी सोनी भंडारी, अधिवक्ता रजनी आदि मौजूद रहे। संवाद
योग को अनिवार्य विषय घोषित करने की मांग
गोपेश्वर। योग प्रशिक्षितों ने विद्यालयी शिक्षा में योेग को अनिवार्य विषय घोषित कर शीघ्र विज्ञप्ति जारी करने की मांग की। योग प्रशिक्षितों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। कहा गया कि योग प्रशिक्षक लंबे समय से नियुक्ति की आस लगाए हैं लेकिन सरकार सिर्फ आश्वासन देकर प्रशिक्षितों के साथ मजाक कर रही है। याेग प्रशिक्षित शांति प्रसाद नौटियाल, मनोज सिंह, योगंबर सिंह, विनोद पुरोहित आदि ने कहा कि नियुक्ति की प्रत्याशा में कई प्रशिक्षित नौकरी की उम्र भी पार कर चुके हैं। कहा कि योग शिक्षा को शीघ्र विद्यालयों में अनिवार्य विषय के रूप में संचालित कर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। संवाद