बदरीनाथ हाईवे : पर्थाडीप में जोरों पर हो रहा काम
आगामी चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले चाक-चौबंध किया जाएगा हाईवे
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। बदरीनाथ हाईवे पर भूस्खलन क्षेत्र नंदप्रयाग पर्थाडीप में मलबा निस्तारण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। कार्यदायी संस्था एनएचआईडीसीएल (राष्ट्रीय राजमार्ग एवं ढांचागत विकास) की ओर से भूस्खलन वाली पहाड़ी के नीचे गेविंग वॉल का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही पहाड़ी से हो रहे पानी की निकासी के लिए भी नाली निर्माण किया जा रहा है।
ऑलवेदर रोड परियोजना कार्य के तहत वर्ष 2022 में पर्थाडीप में हाईवे चौड़ीकरण कार्य शुरू होते ही भूस्खलन भी होने लगा। देखते ही देखते भूस्खलन करीब 60 मीटर क्षेत्र तक फैल गया। विगत वर्ष की तीर्थयात्रा के दौरान यहां मलबा आने से चारधाम यात्रा भी प्रभावित रही। अब एनएचआईडीसीएल की ओर से हाईवे का सुधारीकरण कार्य भी शुरू कर दिया गया है। यहां मलबा निस्तारण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है जिससे हाईवे पर अब वाहनों का जाम भी नहीं लग रहा है। एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों का कहना है कि चारधाम यात्रा शुरू होने तक पर्थाडीप भूस्खलन क्षेत्र में हाईवे को बेहतर ढंग से निर्मित किया जाएगा। यहां मलबे का निस्तारण कर दिया गया है और हिल साइड गेविंग वॉल का निर्माण किया जा रहा है।