गोपेश्वर/कर्णप्रयाग। जिला स्तरीय उद्योग मित्र समिति की बैठक में उद्यमियों ने अपनी समस्याएं बताईं। इस दौरान सरकारी योजनाओं पर चर्चा भी की गई। मुख्य विकास अधिकारी डाॅ. ललित नारायण मिश्र ने विभागीय अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
विकास भवन में आयोजित बैठक में उद्यमियों ने कई समस्याएं रखीं। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र कालेश्वर में नालियां मलबे के कारण बंद होने से गंदा पानी सड़क पर बहता रहता है। पानी बहने से सड़क खस्ताहाल हो गई है। सीडीओ ने एनएच और लोनिवि के अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने के बाद जल्द समस्या के समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक चंचल बोहरा को उद्यमियों के लिए सेमिनार आयोजित करने और अगली बैठक कालेश्वर में करने को कहा। बैठक में मुख्य कोषाधिकारी मामूर जहां, औद्योगिक क्षेत्र कालेश्वर के अध्यक्ष भरत सिंह रावत सहित अन्य उद्यमी व समिति के सदस्य मौजूद रहे। संवाद