गौचर मेले की बैठक में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए डीएम स्वाति एस भदौरिया।
- फोटो : KARNPRYAG
डीएम स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि गौचर मेला एक बहुआयामी राज्य स्तरीय मेला है। इसमें स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ बाहरी राज्य एवं राष्टीय स्तर के कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जाएगा। कहा कि इस बार मेले में उच्च स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ-साथ एडवेंचर स्पोर्टस, फूड फेस्टिवल, फिल्म फेस्टिवल आदि कार्यक्रम भी शामिल किए जाएंगे।
14 नवंबर से शुरू होने वाले औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले की तैयारियों को लेकर आयोजित हुई पहली बैठक में डीएम ने कहा कि इस बहुआयामी मेले के लिए प्रशासन जनप्रतिनिधियों के सुझावों को शामिल करते हुए मेले को भव्य बनाने के लिये हरसंभव प्रयास करेगा। नगर पालिका सभागार में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों ने मेले के दौरान सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल, यातायात, वाहन पार्किंग तथा आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के बारे में सुझाव दिए। विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी नें मेले में राज्य सरकार के अलावा केंद्र सरकार की जनोपयोगी योजनाओं के स्टॉल लगाये जाने का सुझाव दिया। विधायक निधि से सहयोग की डीएम की मांग पर विधायक ने यथा संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। डीएम ने सभी कार्यदायी विभागों से मेले की तैयारियां समय से पूरा करने के निर्देश दिये।
मेलाधिकारी एसडीएम देवानंद शर्मा ने आय- व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए बताया कि गत वर्ष 25 लाख 62 हजार 385 रूपये अवशेष राशि तथा 50 लाख 21 हजार 900 की कुल प्राप्ति को मिलाकर मेला कमेटी के पास कुल धनराशि 75 लाख 84 हजार 285 रु उपलब्ध थी । जिसमें से 67 लाख 54 हजार 389 रु भुगतान किये जाने के बाद आठ लाख 29 हजार 896 रुपये शेष हैं। मेला सचिव एनटी मानवेंद्र बर्त्वाल ने संबंधित अधिकारियों से आपस में समन्वय बनाने को कहा। बैठक में सीडीओ हंसादत्त पांडे, पालिकाध्यक्ष अंजू बिष्ट, कर्णप्रयाग पालिकाध्यक्ष दमयंती रतूड़ी, विजय डिमरी, सभासद अनिल नेगी, सुरेशी देवी, प्रदीप चौहान, गजेंद्र नयाल, दलवीर कनवासी, भगवती प्रसाद खंडूड़ी, अनिल राणा, ताजबर कनवासी, अर्जुन नेगी, राजेश्वरी नेगी आदि थे।