गौचर। नगर पालिका के नवगठित बोर्ड की पहली बैठक पालिका सभागार में शुक्रवार को हुई। बैठक में पालिका अध्यक्ष और सभी सातों वार्डों से चुने गए सभासदों ने जीत दर्ज करने पर धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया। इसके बाद नगर क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने के लिए स्वच्छता व्यवस्था पर चर्चा की।
पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी की अध्यक्षता में हुई बोर्ड की बैठक में नगर क्षेत्र के कूड़ा निस्तारण व्यवस्था पर चर्चा हुई। बैठक में सभी वार्डों में नियमित और समयबद्ध कूड़ा निस्तारण करने और मुख्य बाजार में सफाई व्यवस्था चाक चौबंद करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही जैविक और अजैविक कूड़े को घरों से अलग-अलग एकत्र करवाने, खुले में कूड़ा फेंके जाने की समस्या और पॉलिथीन पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। शुक्रवार को पालिका अध्यक्ष और सभी वार्ड सभासदों ने कूड़ा डंपिंग यार्ड और घली बैंड स्थित रैन बसेरा आदि क्षेत्रों का भ्रमण कर स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संवाद