बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की प्रक्रिया के तहत शनिवार को जोशीमठ नृसिंह मंदिर में गरुड़ छाड़ मेले का आयोजन किया गया। मेला सूक्ष्म रूप से आयोजित हुआ। बदरीनाथ के रावल (मुख्य पुजारी) ईश्वरी प्रसाद नंबूदरी और धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल ने मेले में सभी धार्मिक पूजाएं कराईं। हर वर्ष बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने से पहले गरुड़ छाड़ का आयोजन किया जाता है। ऐसी मान्यता है कि भगवान विष्णु अपने वाहन गरुड़ में सवार होकर बदरीनाथ धाम के लिए रवाना होते हैं। संवाद
एसडीएम ने लिया यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा
जोशीमठ। उपजिलाधिकारी कुमकुम जोशी ने शनिवार को बदरीनाथ धाम पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 18 मई को बदरीनाथ धाम के कपाट खुल जाएंगे। एसडीएम ने देवस्थानम बोर्ड और नगर पंचायत के अधिकारियों को धाम में यात्रा व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कहा कि धाम में कोरोना गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन किया जाए। उन्होंने समय-समय पर मंदिर परिसर व अन्य देवस्थलों में सैनिटाइजर का छिड़काव करने के निर्देश दिए। कहा कि अभी सिर्फ देवस्थानम बोर्ड के लोगों को ही धाम में जाने की अनुमति है। पांडुकेश्वर में कोरोना टेस्ट के बाद ही बदरीनाथ के हक-हकूकधारियों व धर्माचार्यों को धाम जाने की अनुमति दी जाएगी। संवाद