कर्णप्रयाग में पत्राकारों से वार्ता करते गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत।
- फोटो : KARNPRYAG
गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने कहा कि गंगा की सहायक नदियों को भी नमामि गंगे परियोजना के तहत जोड़ा जाएगा। इसके लिए सरकार जल्द वृहद स्तर पर खाका तैयार करने जा रही है। उन्होंने कर्णप्रयाग-ऋषिकेश रेल व ऑलेवेदर रोड परियोजना को पहाड़ के विकास की आधारशिला बताया।
सोमवार को कर्णप्रयाग में आयोजित पत्रकार वार्ता में सांसद तीरथ सिंह रावत ने कहा कि मंगलवार (आज) को बदरीनाथ में 520 करोड़ रुपये की योजना का लोकार्पण किया जाएगा। गंगा सहित उसकी सहायक नदियों की स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखने के लिए सरकार वचनबद्ध है। जल्दी ही अन्य नदियों को भी नमामि गंगे प्रोजेक्ट के तहत जोड़ने का काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्दी ही सरकार ऑलवेदर रोड का मसला हल करके रास्ता निकाल लेगी। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि राकेश डिमरी, किशोरी रतूड़ी, मंडल अध्यक्ष नवीन नवानी, पंकज डिमरी, जिला सहमीडिया प्रभारी हेमंत सेमवाल, महिपाल नेगी, विजय सती मौजूद थे।
बदरीनाथ पहुंचे गढ़वाल सांसद
जोशीमठ। बदरीनाथ धाम में नमामि गंगे के तहत किए गए कार्यों का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को डिजिटल लोकार्पण करेंगे। इसको लेकर गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत सोमवार को जोशीमठ पहुंचे। पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद वे शाम साढ़े पांच बजे बदरीनाथ धाम पहुंचे। मंगलवार को वे सुबह 11:30 बजे कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।