कर्णप्रयाग। बुधवार को डिम्मर गांव से गाड़ू घड़ा तेल कलश यात्रा बदरीनाथ धाम के लिए रवाना हुई। इस दौरान गांव में भगवान बदरीविशाल के जयकारों का उद्घोष हुआ। इसके बाद न्यू डिम्मर, सिमली, पाडली, कर्णप्रयाग, लंगासू आदि स्थानों पर यात्रा का भव्य स्वागत हुआ।
भगवान बदरीविशाल के अभिषेक में प्रयोग होने वाले तिलों का तेल कलश 22 अप्रैल को नरेंद्रनगर राजदरबार से 25 अप्रैल को डिम्मर पहुंचा था। पांच दिनों तक डिम्मर के श्रीलक्ष्मीनारायण मंदिर में पूजा हुई। बुधवार को मंदिर में गाड़ू घड़ा की पुजारियों ने पूजा की और भगवान को भोग लगाया। इसके बाद गाड़ू घड़ा तेल कलश यात्रा बदरीनाथ धाम के लिए रवाना हुई। डिम्मर धार्मिक केंद्रीय पंचायत के अध्यक्ष आशुतोष डिमरी ने बताया कि गाड़ू घड़ा तेल कलश यात्रा बुधवार को पाखी गांव में रात्रि प्रवास के बाद बृहस्पतिवार को ज्योर्तिमठ, शुक्रवार को पांडुकेश्वर और शनिवार को बदरीनाथ धाम पहुंचेगी। इसके बाद रविवार सुबह बदरीनाथ मंदिर के कपाट खोले जाएंगे। इस अवसर पर राजेंद्र प्रसाद डिमरी, अशोक डिमरी, टीका प्रसाद, नरेश चंद्र और सुधीर डिमरी आदि मौजूद थे।