ज्योतिर्मठ। पुलिस ने नशा करते चार नाबालिगों को पकड़ा। पुलिस ने परिजनों को बुलाकर काउंसलिंग की और चालान करने के बाद छोड़ दिया।
कोतवाली ज्योतिर्मठ पुलिस को कई दिनों से शिकायत मिल रही थी कि नटराज चौक से नृसिंह मंदिर की ओर सड़क पर अंधेरी गलियों में कुछ युवक रात के समय नशा करते हैं। पुलिस ने बुधवार रात को क्षेत्र में गश्त की और चार नाबालिग नशा करते रंगे हाथों पकड़े गए। कोतवाल देवेंद्र रावत ने बताया कि नाबालिगों के परिजनों को तुरंत थाने में बुलाया गया। नाबालिगों और उनके परिजनों की काउंसलिंग की गई और उन्हें नशे के दुष्परिणाम व भविष्य पर पड़ने वाले असर के बारे में समझाया गया। परिजनों को नाबालिगों पर निगरानी रखने और उन्हें पर्याप्त समय देने के लिए कहा गया। साथ ही उन्हें नशा छोड़ने की शपथ भी दिलाई गई। उसके बाद चारों नाबालिग लड़कों का पुलिस एक्ट में चालान कर छोड़ दिया गया। संवाद