नंदकेशरी-चिड़िंगा सड़क पर हुआ हादसा
तीन घंटे की मशक्कत के बाद निकाला शव, दो दिन पहले ही परिवार के साथ आए थे गांव
संवाद न्यूज एजेंसी
देवाल। नंदकेशरी-चिड़िगा सड़क पर एक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में पूर्व सैनिक व कोठी गांव निवासी दर्शन सिंह (43) पुत्र उमेद सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस को शव निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पूर्व सैनिक दो दिन पहले ही देहरादून से परिवार के साथ गांव आए थे।
ग्वालदम के चौकी प्रभारी मनोज पटवाल ने बताया कि शुक्रवार रात को पूर्व सैनिक दर्शन सिंह कार से चिड़िगा से अपने गांव कोठी के लिए जा रहे थे। नंदकेशरी से करीब एक किमी दूर कार अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। कार दुर्घटना की सूचना मिलने पर चिड़िगा, तलसारी, चेपड़ों व कोठी गांव के लोग व पुलिस घटना स्थल पर पहुंचे। कार सवार का शव ऐसी जगह फंसा था जहां से उसे निकालने में करीब तीन घंटे लग गए। पुलिस की टीम व लोगों के सहयोग से शव को स्ट्रेचर में बांधकर रस्सी से खींचा। तीन घंटे के रेस्क्यू के बाद 12 बजे शव को सड़क तक लाया गया। 108 से शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली पहुंचाया गया। वहीं घटना के बाद से गांव में मातम छाया है। दर्शन अपने पीछे मां-पिता, पत्नी व दो नाबालिग बेटों को छोड़ गए हैं। सात साल पहले आर्मी से रिटायर्ड हुए दर्शन सिंह अपने परिवार के साथ देहरादून रहते थे। वह बृहस्पतिवार को देहरादून से अपने गांव कोठी आए थे। दर्शन का बड़ा बेटा कक्षा आठ व छोटा बेटा कक्षा छह में पढ़ता है।
इंसेट
ग्रामीणों की मांग के बावजूद नहीं सुधारी गई सड़क
थराली/देवाल। लोनिवि की नंदकेशरी-चिडिंगा सड़क की स्थिति खतरनाक बनी हुई है। इस सड़क के काठिंगगाड में शुक्रवार रात को हुई बरसात में पुश्ता क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क संकरी और अंधा मोड़ होने के कारण यहां आवाजाही में खतरनाक बनी है। कोठी की प्रधान लक्ष्मी देवी, चिड़िंगा के राकेश चंद्र ने कहा कि बरसात के बाद ग्रामीणों ने सड़क के बैंड को काटकर सीधा करने और पुश्ता निर्माण करने की मांग की लेकिन लोनिवि ने केवल मलबा हटाकर इतिश्री कर ली। सड़क खराब होने और अंधा मोड़ होने के चलते यहां कई बार वाहन बाल-बाल बचे हैं। इससे पहले भी एक युवक खाई में गिर गया था जिसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं लोनिवि के सहायक अभियंता ने जेसी टम्टा ने कहा कि जेसीबी भेजकर सड़क को ठीक किया जाएगा। संवाद