आदिबदरी। सोमवार सुबह तहसील के कंड और अन्य गांव के आसपास भालू की धमक होने पर वन कर्मियों की टीम भालू को खोजने के लिए रवाना हुई। भालू के गांव में घरों के आंगन में धमकने से कंड गांव में दहशत बनी हुई है। मंगलवार को बदरीनाथ वन प्रभाग के एसडीओ सहित अन्य अधिकारियों और कर्मियों की टीम क्षेत्र के जंगलों के लिए रवाना हुई। वन दरोगा त्रिलोक सिंह नेगी ने बताया कि अभी तक उस क्षेत्र में भालू कहीं नहीं दिखाई दे रहा है। कल भी उसकी खोज जारी रहेगी। संवाद
पांच से अधिक गांवों में गुलदार की दहशत
गैरसैंण। ब्लाॅक के घंडियाल, सिलंगा, उजेटिया, भंडारीखोड़ और मैखोली गांवों में गुलदार की दहशत बनी हुई है। सोमवार रात को घंडियाल गांव में अवतार सिंह की गोशाला को तोड़कर गुलदार ने एक गाय और बछिया को मार डाला। इससे पूर्व भी क्षेत्र के मैखोली गांव में गुलदार ने एक गाय को मार दिया था। पीड़ित ने वन विभाग से क्षति का मुआवजा देने और पिंजरा लगाने की मांग की। वहीं उप वन क्षेत्राधिकारी जगवीर बिष्ट ने बताया कि घंडियाल गांव के अवतार सिंह को मानकों के अनुरूप मुआवजा दिया जाएगा। गुलदार को पकड़ने के लिए पूर्व में पिंजरा लगाया हुआ था लेकिन गुलदार नहीं फंसा। संवाद