फोटो- वन विभाग की टीम ने किया निरीक्षण, ग्रामीणों का सड़क निर्माण जारी -रवेंठा, मोली, रोलजुन्यारी आदि गांवों के ग्रामीण कर रहे हैं श्रमदान से सड़क निर्माण
-दो दिनों में 61 मीटर से अधिक लंबाई की कच्ची सड़क बनाई
कर्णप्रयाग। विकासखंड के रवेंठा, मोली, रोलजुन्यारी आदि गांवों के ग्रामीण श्रमदान से सड़क निर्माण के कार्य में दूसरे दिन भी जुटे रहे। ग्रामीणों दूसरे दिन 23 मीटर से अधिक लंबाई की कच्ची सड़क बनाई। दो दिनों में ग्रामीण 61 मीटर से अधिक लंबी सड़क खोद चुके हैं। वहीं शुक्रवार को वन विभाग की टीम भी निर्माण स्थल पर पहुंची एवं घटना का जायजा लिया। कांचुला-गैना संजाकटा सड़क का तीन किमी से अधिक हिस्से के निर्माण अभी तक नहीं हो पाया है। इस हिस्से के निर्माण होने से गनोली ग्राम पंचायत के रवेंठा, मोली एवं रोलजुन्यारी आदि गांवों को लाभ मिलता। लगातार मांग के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर ग्राम प्रधान कुसुम पुंडीर, महिला मंगल दल एवं युवक मंगल दल के नेतृत्व में बृहस्पतिवार से ग्रामीण सड़क निर्माण के कार्य में जुटे हैं। ग्रामीण दर्शन सिंह पुंडीर ने बताया कि दो दिनों में ग्रामीण करीब 9 फीट चौड़ी एवं 61 मीटर लंबी कच्ची सड़क खोदकर बना चुके हैं। सड़क की समस्या से परेशान बुजुर्ग, दिव्यांग सहित 45 से अधिक ग्रामीण सड़क निर्माण के कार्य में लगे हैं। वहीं सूचना पर शुक्रवार को वन दरोगा नरेंद्र सिंह एवं वन वीट अधिकारी संदीप सिंह मौके पर पहुंचे। वन दरोगा नरेंद्र सिंह ने बताया कि निरीक्षण की रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी।