वन्य जीव संघर्ष रोकथाम के लिए वन विभाग ने लगाया शिविर
गैरसैंण। लोहवा रेंज के ग्राम उजेटिया में शनिवार को मानव वन्य जीव संघर्ष रोकथाम/न्यूनीकरण के लिए शिविर का आयोजन किया गया। सिलंगा की प्रधान दीपा देवी की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में वनक्षेत्राधिकारी प्रदीप गौड़ ने कहा कि बीते तीन दिन पूर्व यहां पर लगाए गए पिंजरे में गुलदार ट्रैप नहीं हुआ है जिसके चलते पिंजरे का स्थान बदला जा रहा है। कहा कि जब तक गुलदार ट्रैप नहीं हो जाता तब तक वन कर्मियों की गश्त जारी रहेगी और पिंजरा हर तीन दिन बाद दूसरे स्थान पर लगाया जाएगा। शिविर में डिप्टी रेंजर अवतार सिंह रावत , वन दरोगा जगवीर सिंह, वन दरोगा ऋतु सती तथा वन बीट अधिकारी प्रीतम सिंह, गौरव पंवार, अंकित सिरस्वाल, शशि व दीपिका आदि वन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद
सारेग्वाड़ गांव के पास भालू की धमक, वन विभाग ने नकारा
गैरसैंण। मुख्यालय से करीब नौ कीमी दूर सारेग्वाड़ गांव के पास सुबह नौ बजे भालू की मौजूदगी से लोग दहशत में आ गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन कर्मियों को दी। जिसके बाद वन विभाग ने यहां टीम भेजी। रेंजर प्रदीप गौड़ ने बताया कि सूचना मिलते ही वन कर्मियों की टीम प्रभावित क्षेत्र में पहुंची। लेकिन फिलहाल क्षेत्र में भालू की मौजूदगी की पुष्टि नहीं हुई है। संवाद