गौचर। रविवार रात को हुई अतिवृष्टि से भट्टनगर गांव के पास गौचर-रानौ सड़क का पुश्ता ढहने से लोगों के पांच वाहन मलबे में दब गए। भट्टनगर-रानों सड़क पर रेलवे की कार्यदायी कंपनी की ओर से बनाए गए पुश्ते के ऊपर लोगों ने अपनी कार खड़ी की थीं। रात को हुई भारी बारिश से पुश्ता ढह गया और पांचों वाहन लुढ़ककर नीचे खेतों में जा गिरे और मलबे में दब गए। अतिवृष्टि से हुई क्षति का आंकलन करने के लिए सोमवार को तहसील प्रशासन ने कमेड़ा, गौचर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। एसडीएम कमलेश मेहता, तहसीलदार सुरेंद्र सिंह देव और पटवारी नीरज पुरोहित ने बताया कि भट्टनगर के समीप मलबे में दबे पांच वाहनों में से एक को हाइड्रा की मदद से निकाल दिया गया है। बाकी वाहनों को निकालने के लिए क्रेन की व्यवस्था की जा रही है। विधायक अनिल नौटियाल ने भी अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त इलाकों का दौरा किया। संवाद
घरों व दुकानों में घुसा पानी, आंगन का पुश्ता ढहा
गौचर। मूसलाधार बारिश के कारण मेला मैदान का पानी वार्ड छह के ऊपरी इलाकों और हवाई पट्टी के लोगों की दुकानों में जा घुसा और उनका सामान खराब हो गया। वहीं शैल बसंतपुर वार्ड में कुछ लोगों के आंगन का पुश्ता ढह गया और कुछ मकानों में दरारें आ गईं। साकेत नगर और भट्टनगर वार्ड में भी लोगों के खेतों व घरों में मलबा घुस गया और संपर्क मार्ग बदहाल हो गए। वहीं पीएचसी के पीछे का एक पुश्ता टूटने और एनएच की निकास नालियों का सही प्रबंधन न होने से इसके नीचे के खेतों की फसल बरबाद हुई है। वहीं रानौं-सर्मोला और गौचर-सिदोली मार्ग भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हुआ है। संवाद