सोमवार को अचानक मौसम बदलने के साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई, जिससे निचले इलाकों में कड़ाके की ठंड हो रही है। वहीं औली में सीजन की पहली बर्फबारी होने से यहां पहुंचे पर्यटक खुशी से झूम उठे।
रविवार देर रात से मौसम खराब होने लगा था। रात से ही ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी शुरू हो गई थी। सुबह तड़के निचले इलाकों में भी बारिश होने से तापमान में भारी गिरावट आई है। बर्फबारी होने से कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। औली में हुई सीजन की पहली बर्फबारी से पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोग काफी खुश हैं। स्थानीय पर्यटन से जुड़े संतोष कुंवर का कहना है कि औली में हुई बर्फबारी के बाद पर्यटकों की संख्या में तेजी आएगी, जिससे स्थानीय पर्यटन व्यवसायों को अच्छा रोजगार मिलेगा।