शिवालिक एकेडमी में आयोजित विज्ञान सेमिनार में छात्रों ने एक से बढ़कर एक विज्ञान के मॉडल प्रस्तुत किए। मॉडल सिटी गोपेश्वर (मॉडल) को सबसे ज्यादा पसंद किया गया। अर्पित त्रिपाठी का मॉडल सिटी गोपेश्वर प्रथम, शिवम चंद्र का उत्सर्जन तंत्र का मॉडल द्वितीय और अमन रावत का प्रकाश संश्लेषण तृतीय स्थान पर रहा। इसके अलावा छात्रों ने एसिड रेन, उत्सर्जन तंत्र, खगोल विज्ञान आदि विषयों पर भी मॉडल प्रस्तुत किए। साउंड विषय पर प्रस्तुतिकरण के प्रयोगों के माध्यम से छात्रों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शिवालिक एकेडमी गोपेश्वर में आयोजित सेमिनार में मुख्य अतिथि बीकेटीसी के पूर्व अध्यक्ष अनसूया प्रसाद भट्ट ने कहा कि विज्ञान की ऐसी अवधारणाएं विकसित करने से छात्रों की वैज्ञानिक अभिवृत्ति विकसित होगी। अतिविशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष नंदप्रयाग डा. हिमानी वैष्णव ने विभिन्न मॉडलों का अवलोकन कर छात्रों से उनके संबंध में बात की। विद्यालय प्रबंधक लक्ष्मण सिंह बिष्ट ने छात्रों के वैज्ञानिक चिंतन को प्रोत्साहन देने के लिए अभिभावकों को भी प्रेरित किया। विद्यालय के सदस्य विनोद चंद्र ने छात्रों को वैज्ञानिक आविष्कार की चेतना को विकसित करने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य मुदिता रावत ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में डा. गीता रावत, डा. हिमांशु मिश्रा, शशि देवली, पूर्व विधायक कुंवर सिंह नेगी, सुशीला सेमवाल और मदन लाल आर्य संस्थापक शिवालिक एकेडमी गोपेश्वर उपस्थित रहे।