गोपेश्वर। जनवरी माह में चमोली जनपद की जिन पहाड़ियों पर बर्फ जमी रहती थी, वहां अब आग भड़क रही है। सोमवार को बमियाला और कठूड़ गांव के जंगलों में सुबह से आग लगी रही जिसे ग्रामीणों के साथ ही केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग के कर्मियों ने मिलकर बुझा लिया।
इससे पहले भी फरस्वाण फाट और पीपलकोटी क्षेत्र के बेडूमाथर व मठ के जंगलों में आग लग चुकी है। सोमवार को केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग के अंतर्गत बमियाला गांव के समीप सड़क से लगे जंगल में आग भड़क गई। बताया जा रहा है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने जंगल में आग लगा दी।
देखते ही देखते आग ऊंचाई वाले जंगलों तक पहुंच गई। यहां करीब दो घंटे तक आग भड़की रही। बाद में ग्रामीणोें की सूचना पर मौके पर पहुंचे वन विभाग के कर्मियों ने आग बुझा ली। इसी क्षेत्र में वन पंचायत कठूड़ के चीड़ के जंगल में भी आग लग गई और क्षेत्र में धुआं फैल गया। जंगल में आग लगने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे वन विभाग के कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग बुझा ली।
जनवरी माह में बारिश न होने के कारण अब जंगलों में आग लग रही है। बर्फबारी भी बेहद कम हुई है जिन चोटियों में बीते दिनों हल्की बर्फबारी हुई थी, वह पिघल गई है।
केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग के रेंजर जुगल किशोर चौहान का कहना है कि जंगलों में आग लगने की सूचना मिलते ही प्रभावित क्षेत्र में कर्मियों की टीम भेज दी गई थी। आग बुझा ली गई है।