बारिश नहीं होने से सूखे पहाड़ों में आग धधकने लगी है। शनिवार को केदारनाथ वन प्रभाग की नागनाथ रेंज के अंतर्गत अंधेरगड़ी, पठोड़ा व गणवे के चीड़ के जंगलों में आग लग गई इससे चारों तरफ धुंध छा गई। वन विभाग की टीम आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंची लेकिन बड़े क्षेत्र में फैली आग को बुझाने में वन कर्मियों के पसीने छूट रहे हैं।
इस साल सर्दियों का सीजन आधा निकल गया लेकिन बारिश नहीं हुई है जिससे जंगलों में सूखा पड़ा है। इससे हर तरफ वनाग्नि का खतरा बढ़ गया है। शनिवार सुबह अचानक नागनाथ रेंज के रैसू बीट के जंगल जल उठे। आग से भारी मात्रा में वन संपदा को नुकसान हुआ है। चारों तरफ धुआं ही धुआं फैला हुआ है।
वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर नेगी टीम के साथ आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे लेकिन आग काबू करने में उन्हें कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। आग बड़े क्षेत्र में फैली हुई है। शाम तक आग पर काबू पा लिया जाएगा।