कोतवाली पुलिस ने यहां लालबत्ती लगी कार के साथ एक फर्जी आईएएस अधिकारी को गिरफ्तार किया है। मामले में लोक सेवक प्रतिरोपण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
प्रभारी थानाध्यक्ष पंकज पोखरियाल ने बताया कि मंगलवार सुबह बदरीनाथ हाईवे पर वाहन चेकिंग चल रही थी। तभी एक लाल बत्ती लगी कार ने हूटर बजाना शुरू कर दिया। कार को रोका गया तो प्राथमिक पूछताछ में कार में सवार व्यक्ति ने खुद को राष्ट्रपति भवन दिल्ली में कार्यरत आईएएस अधिकारी बताते हुए पुरुषोत्तम दास नाम से विजीटिंग कार्ड दिखाया। आईडी मांगी गई तो वह रोशन लाल बंसल निवासी गौतमबुद्धनगर दिल्ली की निकली।
संदेह होने पर कथित आईएएस अधिकारी को थाने लाकर विजीटिंग कार्ड पर अंकित फोन नंबर से संपर्क किया गया। फोन नंबर राष्ट्रपति भवन का निकला और पुरुषोत्तम दास के राष्ट्रपति भवन में अधिकारी होने की बात सामने आई।
आईएएस अधिकारी बताकर लाल बत्ती लगी कार का प्रयोग करने पर रोशनलाल के खिलाफ लोक सेवक प्रतिरोपण अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। बताया जा रहा है कि रोशन लाल लाल बत्ती लगी कार में केदारनाथ, बदरीनाथ सहित अन्य स्थानों पर वीआईपी के तौर पर घूमा था।
पिछले दिनों बदरीनाथ और केदारनाथ सहित अन्य धामों में एलर्ट को लेकर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया था, बावजूद रोशनलाल दोनों धामों तक भी पहुंच गया था। इससे पुलिस के चेकिंग अभियान पर भी सवाल उठ रहे हैं।