जिला पंचायत सदस्यों ने विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। जिला पंचायत सदस्यों ने जल्द से जल्द जिला योजना समिति के चुनाव कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि एक पंचायत गठन के एक साल बाद भी समिति के चुनाव न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। सदस्यों ने विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
जिला पंचायत सदस्य संगठन की ओर से भेजे ज्ञापन में आठ मांगों को उठाया गया। उन्होंने शीघ्र जिला योजना समिति के चुनाव कराने, उसके बाद वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिला नियोजन समिति में पास हुए प्रस्तावों को पुनरीक्षित करने, पंचायतों में आरक्षण परिवर्तन पांच साल के बजाय 10 साल करने, 73वें संविधान संशोधन के 29 विषयों पंचायत को हस्तांतरित करने, जिला योजना में कोटेशन के माध्यम से होने वाले कार्यों की सीमा को ढाई लाख से बढ़ाकर पांच लाख करने, जिला पंचायत सदस्यों को हर माह 30 हजार रुपये का मानदेय देने, विधायक निधि की तर्ज पर जिला पंचायत सदस्यों के लिए भी निधि का प्रावधान करने आदि की मांग की। संगठन ने कहा कि एक माह में उनकी मांगों कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन भेजने वालों में जिला पंचायत सदस्य विशंबरी देवी, कामेश्वरी देवी, विक्रम सिंह, जयप्रकाश सिंह, सुरेश कुमार बिष्ट, दिव्या भारती शामिल रहे।