प्रबंधन समिति की बैठक में डीएम स्वाति एस भदौरिया ने युवा छात्रावास बदरीनाथ में बेहतर सुविधाएं जुटाने और इसका अधिकाधिक लाभ युवाओं तक पहुंचाने पर जोर दिया। ताकि बदरीनाथ आने वाले युवाओं को न्यूनतम दरों पर आवास और भोजन की सुविधा मिल सके।
बैठक में डीएम ने युवा छात्रावास में आवासीय कक्षों के सुदृढ़ीकरण, अटैच शौचालय निर्माण, प्रवेश द्वार को आकर्षक बनाने और छात्रावास के लिए जरूरी सामान खरीदने की स्वीकृति दी। साथ ही यात्रा सीजन के लिए आवासीय कक्षों, डोरमेट्री, मीटिंग हॉल और भोजन की दरें भी तय की गईं। डीएम ने बदरीनाथ के कपाट खुलने के एक सप्ताह पहले से और यात्राकाल तक निर्धारित मानदेय पर कर्मियों की तैनाती की भी स्वीकृति दी। वहीं जिला नेहरू युवा केंद्र के समन्वयक राहुल दुबे ने बदरीनाथ युवा छात्रावास के आय-व्यय की जानकारी दी। प्रबंधन समिति की बैठक में पीजी कॉलेज गोपेश्वर की असिस्टेंट प्रोफेसर डा. पूजा रतूड़ी, जिला क्रीड़ा अधिकारी गिरीश कुमार और एई लोनिवि अनिल कुमार मौजूद थे।