जिलासू। तहसील क्षेत्र के ऐरास, सेम और कुवांण गांवों में पिछले तीन दिनों से बंद पड़ी बिजली आपूर्ति शनिवार देर शाम बहाल हो गई। ऊर्जा निगम की ओर से यहां नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया जिसके बाद गांवों में दोबारा बिजली आपूर्ति सुचारु हो गई।
ऐरास, सेम और कुंवाण गांव केा बिजली आपूर्ति करने वाले ट्रांसफार्मर में तकनीकि खराबी आने के चलते बिजली गुल हो गई थी। तीन दिन तक तीन गांवों के करीब 150 परिवार अंधेरे में रहे। यही नहीं ग्रामीणों को मोबाइल चार्जिंग, संचार व्यवस्था और ऑनलाइन कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। ऊर्जा निगम कर्णप्रयाग के एसडीओ तबरेज आलम ने बताया कि ऐरास में नया ट्रांसफार्मर लगा दिया गया है। साथ ही तीनों गांवों की बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी गई है। संवाद