गोपेश्वर। चमोली जिले में बुधवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। सुबह 10 बजकर 21 मिनट पर आए भूकंप की तीव्रता 4.1 मापी गई। भूकंप का केंद्र ज्योतिर्मठ में जमीन से लगभग 10 किमी अंदर रहा। चमोली जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी ने बताया कि भूकंप से नुकसान की कोई सूचना नहीं है। भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण अधिकांश लोगों को इसका एहसास तक नहीं हुआ और जनजीवन सामान्य बना रहा। चमोली जिला भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील हिमालयी क्षेत्र में आता है। ऐसे में भूकंप के हल्के झटके भी लोगों को प्राकृतिक आपदाओं के प्रति सतर्क रहने का संदेश देते हैं। फिलहाल जिले में स्थिति सामान्य बताई गई है। संवाद