लॉकडाउन में दिल्ली से घर लौटे केवर तल्ला गांव के वरुण नेगी ने मशरूम की खेती की और आज वे पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बने हैं। वरुण ने ढींगरी मशरूम का उत्पादन किया और आज इस मशरूम की स्थानीय बाजार में मांग बढ़ती जा रही है। वे मशरूम बेचकर 30 हजार रुपये महीना कमा रहे हैं।
वरुण नेगी दिल्ली में अपना रेस्टोरेंट चलाते थे। लॉकडाउन में उनको गांव लौटना पड़ा। स्वरोजगार के लिए उन्होंने मशरूम उत्पादन का निर्णय लिया और छोटी सी जमापूंजी लगाकर मशरूम का बेहतर उत्पादन किया। मशरूम उत्पादन के लिए उन्होंने घर में ही एक कमरा तैयार किया है। वरुण ने बताया कि उन्होंने मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण देहरादून (नकरौंदा) में जैविक खेती कर रहे दीपक उपाध्याय से लिया था। आज वे 30 हजार रुपये महीने इससे कमाई कर रहे हैं तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रोत्साहित करने में लगे हैं।