चिकित्सकों ने बाएं कान का दूरबीन विधि से ऑपरेशन कर नया पर्दा लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। कान के ऑपरेशन के लिए मरीजों को अब अन्य अस्पतालों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। कर्णप्रयाग के उपजिला चिकित्सालय में अब आसानी से दूरबीन विधि से कान के ऑपरेशन भी हो सकेंगे। बुधवार को चिकित्सकों ने दो वर्ष से दर्द से परेशान एक व्यक्ति के बाएं कान का सफल ऑपरेशन कर नया पर्दा लगाया। मरीज अब स्वस्थ है।
अस्पताल में तैनात ईएनटी विशेषज्ञ डाॅ. अलका नेगी ने बताया कि कान के दर्द से पिछले दो वर्ष से एक मरीज परेशान था। कान दर्द, पस निकलना और कम सुनाई देने की समस्या को लेकर मरीज अस्पताल पहुंचा। उसकी जांच की गई तो दोनों कानों के पर्दों में छेद मिले। बाएं कान के पर्दे में बड़ा छेद था। डॉक्टर ने उन्हें ऑपरेशन कराने की सलाह दी। इसके बाद मंगलवार को मरीज अस्पताल में भर्ती हुआ और बुधवार को करीब ढ़ाई घंटे की कड़ी मेहनत के बाद मरीज का दूरबीन विधि से सफल ऑपरेशन किया गया। वहीं अस्पताल के सीएमएस डॉ. बीपी पुरोहित ने कहा कि पूर्व में यहां कान के आपरेशन के लिए बेसिक उपकरण भी नहीं थे। अब ऑपरेशन के लिए उपकरण की व्यवस्था हो गई है। ऑपरेशन टीम में निश्चेतक डाॅ. सुदेश प्रसाद, ऑपरेशन तकनीशियन राजे सिंह मौजूद रहे।