गैरसैंण ब्लॉक के पिंडवाली गांव को यातायात से जोड़ने वाली बड़ेथ-पिंडवाली (9 किमी) सड़क एक सप्ताह से मलबा आने से बंद पड़ी है। सड़क बंद होने से ग्रामीणों को गंतव्य तक जाने के लिए 10 से 12 किलोमीटर की दूरी पैदल तय करनी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क खुलवाने के लिए कई बार पीएमजीएसवाई कर्णप्रयाग के अधिकारियों को कहा गया लेकिन सड़क नहीं खोली गई। ग्रामीणों ने डीएम से मामले में शीघ्र अधिकारियों को निर्देशित करने की मांग उठाई।
पिंडवाली गांव में लगभग 500 परिवार रहते हैं। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह और बिजेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि गांव को यातायात से जोड़ने वाली एकमात्र बड़ेथ-पिंडवाली सड़क चार मई से जगह-जगह मलबा आने के कारण बंद पड़ी है। वहीं क्षेत्र में कई ग्रामीण बुखार से पीड़ित हैं। गांव में 108 सेवा वाहन की आवाजाही भी ठप है, जिस कारण गांव के दो बीमार ग्रामीणों को 10 किमी पैदल लाकर सड़क तक पहुंचाया गया। भारी बारिश के कारण सड़क शुरूआत से ही खस्ताहालत में है। कई जगह मलबे के ढेर लगे हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही ठप है। इधर, पीएमजीएसवाई के ईई प्रमोद गंगाड़ी ने बताया कि घाट क्षेत्र से जेसीबी लाकर पिंडवाली सड़क को खोलने के लिए लगा दी गई है। जल्द ही सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारु हो जाएगी।