प्रधानमंत्री केयर फंड में 10 लाख रुपये की धनराशि दान देने वाली देवकी देवी।
- फोटो : KARNPRYAG
संकट की घड़ी में एक संघर्षशील महिला ने अपने जीवन में जोड़ी सारी कमाई देश के लिए दान कर दी। गौचर में रहने वाली देवकी देवी भंडारी ने बुधवार को प्रधानमंत्री केयर फंड में दस लाख रुपये की धनराशि जमा कराई।
देवकी देवी के पति हुकुम सिंह भंडारी रेशम विभाग में सेवारत थे और कई साल पहले उनका असामयिक निधन हो गया था। देवकी देवी ने बताया कि कोई संतान न होने से उन्होंने अपना जीवन सामाजिक कार्यों में लगा दिया। उन्होंने कुछ बच्चों को गोद लिया और उनकी उच्च शिक्षा की पढ़ाई तक मदद की। 60 वर्षीय देवकी देवी अब भी एक मकान में किराए पर रहती हैं। उनके पिताजी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। उन्होंने बताया कि बैंक में जमा एफडी और पेंशन की रकम से 10 लाख रुपये जमा हुए थे। कोरोना संकट को देखते हुए जीवन भर की कमाई इस महामारी से लड़ने के लिए प्रधानमंत्री केयर फंड में दान दे दी। सेंट्रल बैंक के शाखा प्रबंधक पंकज पंवार, सभासद अनिल नेगी, सभासद देवेंद्र नेगी, व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल आदि ने देवकी देवी के राष्ट्र-प्रेम की भावना को प्रेरणास्रोत बताया।