पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से गांधीनगर में दो माह से पेयजल किल्लत बनी है। समस्या से परेशान महिलाओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि पेयजल किल्लत के कारण दूरस्थ स्रोतों से पानी भरना पड़ रहा है। अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो प्रदर्शन किया जाएगा।
ज्योति देवी, इंदु, रीना देवी, गीता देवी, शांती देवी, शिवानी देवी आदि महिलाओं ने कहा कि दो माह से क्षेत्र में पानी की समस्या बनी है। पेयजल लाइन लीकेज हो रही है जिससे कई जगहों पर पानी बर्बाद हो रहा है। ऐसे में दूरस्थ क्षेत्रों के प्राकृतिक स्रोत से पानी की व्यवस्था कर रहे हैं, जिससे दिनभर का अधिकांश समय पानी भरने में ही बर्बाद हो रहा है। महिलाओं ने कहा कि इस संबंध में कई बार विभागीय अधिकारियों को भी सूचना दी गई है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी ने मौके पर ही जल संस्थान के अवर अभियंता से दूरभाष पर वार्ता की। एसडीएम ने निर्देश दिए कि नगर क्षेत्र में जहां-जहां पेयजल किल्लत बनी हुई है, वहां टैंकरों से पानी की सप्लाई की जाए।