जीआईसी चौनघाट में विज्ञान विषय शुरू करवाने की मांग
अब बच्चों के साथ बीईओ कार्यालय पर प्रदर्शन की तैयारी में अभिभावक
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर/नंदानगर। राजकीय इंटर कॉलेज चौनघाट में विज्ञान संकाय के संचालन की मांग के लिए ग्रामीणों का नंदानगर में चल रहा आमरण अनशन चौथे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को सीएचसी नंदानगर के डॉक्टरों ने अनशन पर बैठे ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की। अनशनकारियों का ब्लड प्रेशर कम मिला। अब ग्रामीणों ने पांच जुलाई तक मांग पूरी नहीं होने पर छह जुलाई को छात्र-छात्राओं के साथ खंड शिक्षा अधिकारी नंदानगर कार्यालय में प्रदर्शन का एलान किया है। उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने कहा कि जीआईसी चौनघाट में वर्तमान में 335 छात्र-छात्राएं हैं। पर्याप्त छात्र संख्या होने के बावजूद सरकार की ओर से विद्यालय में विज्ञान विषय शुरू कराने का आदेश जारी नहीं किया जा रहा है। चेतावनी दी कि छह जुलाई को प्रदर्शन के बाद भी यदि शासन-प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती है तो 13 जुलाई को बीईओ कार्यालय नंदानगर में तालाबंदी की जाएगी। ज्ञापन देने वालों में क्षेत्र पंचायत सदस्य पूरण सिंह नेगी, बीना देवी, मान सिंह नेगी, ऊखा देवी, विमला देवी, पीटीए अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, बसंती देवी, प्रकाश सिंह, कुंवर राम, त्रिलोक सिंह आदि शामिल रहे।