राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र में साइबर सुरक्षा पर हुई कार्यशाला
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र गोपेश्वर में साइबर सुरक्षा को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सभी विभागीय अधिकारियों को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग और साइबर अपराधों से बचाव के बारे में जानकारी दी गई। कहा कि अनजाने लिंक पर क्लिक न करें और समय-समय पर पासवर्ड बदलते रहें।
सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर आयोजित कार्यशाला में एडीएम विवेक प्रकाश ने कहा कि इंटरनेट आज जीवन का अभिन्न हिस्सा बन गया है। इसलिए सभी को इंटरनेट के खतरों और इससे बचाव की जानकारी होनी जरूरी है। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी विशेष चंद्रा ने कहा कि यूजर्स को ई-मेल, सोशल मीडिया, बैंक अकाउंट के पासवर्ड अलग-अलग बनाने चाहिए, पासवर्ड एक सीरियल नंबर में न बनाएं और मोबाइल के प्ले स्टोर से वेरीफाई एप ही इंस्टाल करें। समय-समय पर पासवर्ड बदलते रहें। अनजान नंबर से आने वाले फोन को गंभीरता से न लें और किसी के लालच में न आएं। कार्यशाला में एसडीएम पोखरी अबरार अहमद, एसीएमओ डॉ. एमएस खाती, एसडीओ केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग मोहन सिंह, सुरेंद्र रावत, प्रदीप पंवार आदि विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। तहसील और ब्लॉक स्तर के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।
रुद्रप्रयाग। सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर एनआईसी कक्ष में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी दीप्ति चमोली की अध्यक्षता में कार्यशाला हुई। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ने कहा कि इंटरनेट हमारी जीवनशैली का अभिन्न अंग बन चुका है लेकिन इसके सुरक्षित उपयोग को लेकर सतर्क होना जरूरी है। उन्होंने बच्चों को ऑनलाइन गेम्स से दूरी बनाए रखने की सलाह दी। कहा कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत परिजनों या पुलिस को दें। किसी अज्ञात व्यक्ति को ओटीपी साझा न करें।