गोपेश्वर जिला सभागार में अधिकारियों की बैठक लेते डीएम हिमांशु खुराना।
- फोटो : GOPESHWAR
जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक में अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। बैठक में जल संस्थान, खनन और परिवहन के अधिकारी अनुपस्थित रहे। डीएम ने कहा कि महत्वपूर्ण बैठक में अधिकारियों का बिना ठोस वजह के गैरहाजिर रहना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर महीने के दूसरे और चौथे सोमवार को समिति के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने गंगा स्वच्छता को लेकर शेष कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा के परियोजना प्रबंधक एसके वर्मा को जोशीमठ सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण कार्य तुरंत शुरू करने के लिए कहा। कहा कि सीवर लाइनों और गंदे नालों को एसटीपी से जोड़ें। बैठक के दौरान डीएम ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को जिले में बाढ़ क्षेत्रफल के बारे में जानकारी मांगी तो वे बगलें झांकने लगे, जिस पर डीएम ने नाराजगी जताई और आगामी बैठक में पूरी तैयारी के साथ प्रतिभाग करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीवर ट्रीटमेंट से संबंधित अन्य कार्यों की भी समीक्षा की गई। इस मौके पर बदरीनाथ वन प्रभाग के डीएफओ आशुतोष सिंह, जल निगम के ईई वीके जैन, जिला उद्योग विभाग के प्रबंधक बीएस कुंवर सिंचाई विभाग के ईई बीएस यादव, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अनिल पंत के साथ ही कई अधिकारी मौजूद थे।