नारायणबगड़। विकास भवन सभागार में मंगलवार को ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला ने दिवाली मिलन समारोह का आयोजन किया। इसमें ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों और विकासखंड के कर्मचारियों ने भाग लिया। उन्हें मिठाई और दीपक भेंट किए गए। ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला ने कहा कि इस वर्ष नारायणबगड़ में उत्तरायणी मेला तीन दिवसीय होगा। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष दिवाली मिलन समारोह को और भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। इसमें स्थानीय लोक कलाकारों और गायकों को आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य साक्षी नेगी, प्रधान संघ अध्यक्ष योगेंद्र खत्री, बीडीओ जितेंद्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद
विमला गैरोला चौथी बार चुनी गईं आंगनबाड़ी अध्यक्ष
गैरसैण। विकासखंड में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका एकता संगठन की बैठक में संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस दौरान विमला गैरोला को चौथी बार ब्लॉक अध्यक्ष चुना गया। इस मौके पर अंजना, रेखा, गुंजन, जमुना, पूजा, सरोज सहित 60 से अधिक सदस्य मौजूद रहे। सावित्री देवी (आंगनबाड़ी सहायिका, केंद्र भलसौं) को उपाध्यक्ष, पवित्रा देवी (आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सारेग्वाड़) को कोषाध्यक्ष और बिमला ममगाईं (आंगनबाड़ी केंद्र कोठा) को सचिव का दायित्व सौंपा गया। अध्यक्ष ने गेहलचौरी सेक्टर से लाटूधार की भागा देवी और कुनीगाड़ तली की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अपने क्षेत्र की बहनों को संगठित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सदस्यों से संगठन को मजबूत बनाने में पूरा सहयोग देने की अपील की गई। संवाद
स्वास्थ्य शिविर में 104 मरीज लाभान्वित
जिलासू। स्वास्थ्य विभाग ने तहसील के सरणा गांव में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जिसमें 104 मरीजों का स्वास्थ्य जांचा गया। प्रधान ममता रावत और युवा नेता अनूप रावत की पहल पर शिविर आयोजित किया गया। डॉ. मोहनी मनवाल एवं फार्मेसी अधिकारी अशोक पंवार ने मरीजों की जांच कर दवा वितरित की। शिविर में आंख, नाक सहित अन्य सामान्य स्वास्थ्य जांच भी की गईं। इस अवसर पर सीएचओ गीता, नर्सिंग अधिकारी शारदा कुमार, नेत्र सहायक प्रवीण कांत, एनएम ममता पाटिल और प्रीति पुरोहित आशा फेसीलेटर अंजू असवाल आदि मौजूद थे। संवाद