जिला पूर्ति विभाग ने गोपेश्वर बाजार में विशेष अभियान चलाकर 105 राशन कार्ड धारकों को अपात्र मानते हुए राशन कार्ड निरस्त कर दिए। राशन कार्ड सत्यापन का कार्य अभी भी जारी है। जिला पूर्ति अधिकारी केएल शाह, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी शशिकला फर्स्वाण, जिला प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप राणा और अशोक कोहली की टीम ने शुक्रवार को नगर की सस्ते गल्ले की दुकानों में विशेष अभियान चलाकर राशन कार्डों का सत्यापन किया। जिला पूर्ति अधिकारी केएल शाह ने बताया कि 15 दिनों में राशन कार्डों का सत्यापन कार्य पूरा किया जाएगा। इसके लिए ब्लॉक स्तर पर भी समिति का गठन किया गया है। समिति की ओर से अपात्र लोगों के राशन कार्डों को निरस्त कर पात्र लाभार्थियों को राशन कार्ड मुहैया कराए जा रहे हैं।