कोरोना वायरस महामारी से निपटने के लिए जिला सहकारी बैंक चमोली की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 लाख 49 हजार 42 रुपये की आर्थिक सहायता जमा की गई है। आठ लाख पचास हजार रुपये सहकारी बैंक की ओर से, एक लाख 88 हजार 42 रुपये बैंक के नियमित कर्मचारियों और अधिकारियों के एक दिन का वेतन और 11 हजार रुपये बैंक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह की ओर से व्यक्तिगत रूप से दिए गए हैं। वहीं भाजपा के अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रामकृष्ण रावत ने सीएम और पीएम राहत कोष में 51-51 हजार की धनराशि जमा कराई। दूसरी ओर गुप्तकाशी में लोक विज्ञान संस्थान देहरादून के कार्यकर्ताओं ने दो दिन का वेतन कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा कराया।
कर्णप्रयाग में राजकीय निर्माण निगम में कार्यरत शैल गांव निवासी महादेव बहुगुणा ने 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रधानमंत्री केयर फंड में जमा कराई। गई। इसके अलावा पांच हजार की आर्थिक सहायता वार्ड सभासद अनिल नेगी के माध्यम से गरीबों के लिए दी।
यमुनोत्री मंदिर समिति ने भी की मदद
उत्तरकाशी/बड़कोट। कोरोना महामारी से निपटने और जरूरतमंदों की मदद के लिए बड़ी संख्या में लोग और संस्थाएं आगे आ रही हैं। यमुनोत्री मंदिर समिति ने कोष में 1 लाख 11 हजार रुपये सहायता राशि जमा कराई। मंदिर समिति के सचिव कृतेश्वर उनियाल ने एसडीएम बड़कोट को सहायता राशि का चेक सौंपा। सेवानिवृत्त शिक्षक नारायण सिंह राणा ने रेडक्रॉस सोसायटी को 1100 रुपये की सहायता दी।