देवाल। भारी बारिश से हुए भूस्खलन से देवाल-खेता सड़क सुयालकोट में बंद है। सड़क बंद होने से क्षेत्र के 12 से अधिक गांवों का संपर्क ब्लाॅक मुख्यालय से कट गया है। वहीं 20 से अधिक वाहन अलग-अलग गांवों में फंसे है। वहीं मानमती-उदयपुर सड़क आठवें दिन भी नहीं खुल पाई। जबकि रामपुर-ताेरती सड़क भौरियाबगण में बंद है।
बुधवार की रात हुई बारिश से दस बजे देवाल-खेता सड़क सुयालकोट में मलबा आने से बंद हो गई। सुबह ग्रामीणों ने विभाग को सूचना दी तो जेसीबी भेजी गई। मगर पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने से जेसीबी काम नहीं कर पा रही है। सड़क बंद होने से क्षेत्र के मोपाटा, नलधूरा, मेलखेत, खेता, मानमती, चोटिंग, नमला आदि गांव का संपर्क कट गया है। रूप सिंह कुंवर, भवानी दत्त, उर्वी दत्त ने कहा कि सड़क बंद होने से गांव में कैद होकर रह हो गए हैं। उन्होंने विभाग से क्षेत्र के लिए वैकल्पिक सड़क बनाने की मांग की। वहीं मानमती- उदयपुर सड़क चनियाली व नमला में बंद है। यहां के लोग चार से पांच किमी पैदल चल रहे है। रामपुर-तोरती सड़क भी दो दिन से भौरियाबगण में बंद है।