कर्णप्रयाग और गौचर में चल रहा अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। डेंगू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में जुट गया है। आशाओं के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम किए जा रहे हैं साथ ही पुराने संवेदनशील जगहों को चिह्नित कर सतर्कता बरती जा रही है। अस्पतालों में भरपूर दवाएं और जांच किट रखी गई हैं।
कर्णप्रयाग और गौचर डेंगू के लिए संवेदनशील है। कर्णप्रयाग उपजिला अस्पताल में वर्ष 2023 में डेंगू के 300 से अधिक मामले आए थे। हालांकि उसके बाद दो वर्षों तक राहत रही। बावजूद विभाग अपनी तैयारियों में जुटा है। सीएमएस डॉ. बीपी पुरोहित ने बताया कि अस्पताल में भरपूर दवा और जांच किट आदि हैं। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर आशाओं के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम किए जा रहे हैं। वर्ष 2023 के हॉटस्पॉट रहे स्थानों पर खास सतर्कता अभियान चलाया जा रहा है। कर्णप्रयाग के बाजार और घनी आबादी वाले वार्ड, गौचर, कालेश्वर सहित अन्य स्थानों पर निरीक्षण आदि भी किया जाएगा। सफाई निरीक्षक बंटी मौर्या ने बताया कि बाजारों में फॉगिंग की जा रही है। साथ ही ब्लीचिंग, मेथाइलीन, क्लोरोक्वीन आदि दवाओं का एक माह का स्टॉक है। झाड़ियां कटान और साफ-सफाई भी की जा रही है। सीएमओ डॉ. अभिषेक गुप्ता का कहना है कि जिले के सभी अस्पतालों में डेंगू के निपटने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। संवेदनशील जगह के अस्पतालों के लिए मच्छरदानी युक्त बिस्तर और जांच किट आदि तैयार हैं।