नारायणबगड़। वर्ष 2026 में संभावित श्रीनंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार को ब्लॉक मुख्यालय में जनप्रतिनिधियों तथा यात्रा पड़ावों के ग्रामीणों की बैठक हुई। क्षेत्र पंचायत प्रशासक यशपाल नेगी की अध्यक्षता में तथा विधायक भूपालराम टम्टा की मौजूदगी में हुई बैठक में लोगों ने यात्रा मार्ग व यात्रा पड़ावों पर मूलभूत सुविधाओं से संबंधित सुझावों के प्रस्ताव रखे। कहा कि नारायणबगड़ क्षेत्र राजजात यात्रा का सबसे प्रमुख व लंबा यात्रा मार्ग है इसलिए समूचे यात्रा मार्ग पर यात्रियों के लिए पेयजल, शौचालय जैसी सुविधाएं मुहैया कराई जानी चाहिए। मार्ग की मरम्मत तथा पैदल पुलियाओं का निर्माण भी जरूरी है। उन्होंने भगोती पड़ाव पर पेयजल, सार्वजनिक शौचालय, रेन बसेरा तथा पार्किंग स्थल निर्माण की बात कही। बैठक में पड़ाव समितियों का गठन करने पर जोर दिया गया। बीडीओ बीरेंद्र असवाल के संचालन में हुई बैठक में प्रधान संगठन के निवर्तमान अध्यक्ष मोनू सती, पूर्व क्षेपंस मनजीत कठैत, महेश लाल, शिवचरण भट्ट, भाष्करानंद, सुरेंद्र सिंह, मनमोहन, दलवीर सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद