कर्णप्रयाग/देवाल। देवाल विकासखंड के लोहाजंग में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। कहा कि लोहाजंग देवाल ब्लाॅक का पर्यटक स्थल है जहां ग्रीष्म ओर शीतकाल दोनों सीजन में पर्यटक आते हैं। वहीं श्रीनंदा देवी राजजात यात्रा का भी प्रमुख स्थल है। ऐसे में यहां स्वास्थ्य केंद्र नहीं होने से लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। ग्रामीणों ने वाण ग्राम पंचायत के भराड़ तोक में आंगनबाड़ी केंद्र खोलने की मांग भी उठाई। कहा कि गांव में 0 से 6 वर्ष तक की आयु के बच्चों की संख्या 18 से अधिक है। इनके लिए आंगनबाड़ी केंद्र करीब चार किमी दूर है। ऐसे में भराड़ तोक में आंगनबाड़ी केंद्र खुलने से बच्चों और गर्भवती महिलाओं को लाभ मिलेगा। ज्ञापन देने वालों में पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य हीरा सिंह पहाड़ी, दीपा देवी, गब्बर राम, थानी राम, हुकुम सिंह, सुरेंद्र सिंह और पुष्पा देवी आदि शामिल थे। संवाद