कर्णप्रयाग। कर्णप्रयाग ब्लॉक के भटोली और बणगांव आज तक सड़क सुविधा से नहीं जुड़ पाए हैं। दोनों गांवों के ग्रामीणों को घरों तक पहुंचने के लिए लगभग दो किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई चढ़नी पड़ती है। ग्रामीणों ने पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता से मुलाकात कर गांवों को सड़क से जोड़ने की मांग की।
कहा कि भटोली गांव में लगभग 50 परिवार और 200 लोग रहते हैं। मगर सड़क निर्माण न होने से उन्हें कर्णप्रयाग-नैनीताल मार्ग से पैदल ही गांव तक जाना पड़ता है। इसी तरह बणगांव के 40 से अधिक परिवार भी सिमली-बेनीताल मार्ग से आवाजाही कर रहे हैं। वहीं पीएमजीएसवाई के ईई सचिन कुमार ने बताया कि खगेली से भटोली गांव तक प्रस्तावित सड़क का सर्वे और इस्टीमेट जल्द तैयार किया जाएगा जबकि बणगांव मार्ग का निर्माण उनके विभाग के प्रस्ताव में शामिल नहीं है। ईई से मिलने वालों में पूर्व जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह नेगी, पूर्व प्रमुख राधा देवी, देव सिंह कठैत, धर्मेंद्र सिंह, ललित प्रसाद, दीपा देवी, विमला देवी, रणजीत लाल, सुरेंद्र लाल सहित कई ग्रामीण मौजूद थे। संवाद