देवाल। ब्लॉक के किसी भी विद्यालय में एनसीसी नहीं होने से छात्र-छात्राओं को कर्णप्रयाग या अन्य विद्यालयों में जाना पड़ रहा है। कई बार अभिभावक विद्यालयों में एनसीसी शुरू करने की मांग कर चुके हैं लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। क्षेत्र के लोगों व पूर्व सैनिकों ने मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री से ब्लॉक देवाल के इंटर कॉलेजों में एनसीसी इकाई खोलने की मांग की।
ब्लॉक के देवाल मुख्यालय के इंटर कॉलेज के अलावा इंटर कॉलेज मुंदोली, मेलखेत, सवाड़, बोरागाड़, ल्वाणी व घेस संचालित हैं। पूर्व जिला पंचायत सदस्य व पूर्व सैनिक लक्ष्मण बिष्ट, पूर्व सैन्य अधिकारी कै. मेहरवान सिंह, गोविंद सोनी आदि ने बताया कि कई बार एनसीसी खोलने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भी भेजा जा चुका है। कहा कि एनसीसी नहीं होने से कई छात्र-छात्राएं कर्णप्रयाग सहित अन्य इंटर काॅलेजों में प्रवेश ले रहे हैं। पीएमश्री इंटर कॉलेज देवाल के प्रधानाचार्य एमआर घुनियाल ने बताया कि अभिभावक संघ व विद्यालय स्तर से कई बार एनसीसी खोलने का प्रस्ताव भेजा गया है। अभी ब्लॉक के किसी भी विद्यालय में एनसीसी नहीं है। संवाद