देवाल। स्टेट हाईवे थराली-देवाल-वाण मार्ग पर नौ महीने में 11 किलोमीटर ही डामरीकरण हो पाया है। ठंड बढ़ने से काम बंद होने वाला है। इस 52 किलोमीटर लंबे मार्ग पर मात्र 22 किलोमीटर डामरीकरण के लिए 32 करोड़ रुपये मिले हैं। हाटकल्याड़ी से कांडेई तक मार्ग की हालत ठीक नहीं है। प्रधान संघ के अध्यक्ष खिलाप बिष्ट और महामंत्री नरेंद्र बिष्ट ने बताया कि यह श्री नंदा राजजात मार्ग है। उन्होंने जिलाधिकारी से संपूर्ण मार्ग के हॉटमिक्स की मांग की। वहीं लोनिवि के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा ने बताया कि 22 किलोमीटर हिस्से पर ही डामरीकरण होना है। अभी तक 11 किलोमीटर काम पूरा हो चुका है। शेष 30 किलोमीटर मार्ग के लिए करीब नौ करोड़ रुपये का इस्टीमेट भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद ही अगला काम शुरू हो पाएगा। संवाद