गोपेश्वर। राजकीय पेंशनर्स संगठन चमोली की ओर से पेंशन बढ़ोतरी सहित अन्य बिंदुओं को लेकर प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी को ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने पेंशनर्स की मांगों पर सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करने की अपील की।
पेंशनर्स संगठन के चमोली शाखा अध्यक्ष हरि प्रसाद ममगाईं ने ज्ञापन में कहा कि राजकीय पेंशनर्स की राशिकरण की अवधि दस साल आठ माह की जाए और पेंशन से की जा रही कटौती को बंद किया जाए। पेंशनर्स को 65 साल, 70 साल और 75 साल पर पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी दी जाए। कहा कि गोल्डन कार्ड में कई विसंगतियां हैं जिन्हें तत्काल दूर कराया जाए। 75 वर्ष की आयु पूरी कर चुके लोगों को घर पर ही वोटिंग का अधिकार दिया जाए। साथ ही चमोली और रुद्रप्रयाग के छात्र-छात्राओं के हितों को देखते हुए बदरी-केदार विश्वविद्यालय की स्थापना गोपेश्वर में की जाए। उन्होंने इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। संवाद