नगर पंचायत पोखरी में अधिशासी अधिकारी का पद रिक्त होने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। नगर पंचायत के सभासदों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर स्थायी अधिशासी अधिकारी की नियुक्ति की मांग की। सभासद सत्येंद्र कंडारी, हनुमंत कंडारी, योगेंद्र चौधरी, समुद्रा देवी, रेखा सती, भाजपा नगर अध्यक्ष जितेंद्र सती, रमेश चौधरी, कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष कुंवर सिंह चौधरी आदि ने कहा कि पोखरी के अधिशासी अधिकारी नंदराम तिवारी की अगस्त माह में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। तब से यह पद रिक्त है। कर्णप्रयाग के अधिशासी अधिकारी के पास यहां का प्रभार है, जिस कारण पोखरी के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। न तो विकास कार्यों का संचालन हो पा रहा है और न ही किए गए कार्यों का भुगतान हो पा रहा है। नए टेंडर भी नहीं हो पा रहे हैं।