स्पोर्ट्स स्टेडियम में तीन दिनों तक चली बालिका ओपन वर्ग राज्य आमंत्रण वॉलीबाल स्पर्धा देहरादून ने अपने नाम की। फाइनल मुकाबला देहरादून और चमोली ब्लू के बीच खेला गया, जिसमें देहरादून ने सीधे सेटों में 25-20, 21-25, 16-14 अंकों से जीत दर्ज की। मुख्य विकास अधिकारी हंसादत्त पांडे ने विजेता व उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
खेल विभाग और गोपीनाथ वॉलीबाल संघ की ओर से आयोजित स्पर्धा लीग के आधार पर खेली गई। स्पर्धा में ऊधमसिंहनगर, चंपावत, बागेश्वर, राठ महाविद्यालय पैठाणी (पौड़ी), देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी और चमोली की दो टीमों ने प्रतिभाग किया। पूल ए में देहरादून ने चार मैच खेलकर 11 अंक अर्जित किए, जबकि पूल बी में चमोली ब्लू की टीम ने तीन मैच खेलकर सर्वाधिक नौ अंक प्राप्त कर फाइनल में प्रवेश किया। दोपहर बाद देहरादून और चमोली के बीच फाइनल मुकाबला हुआ। यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमों की ओर से बालिकाओं ने जीत के लिए जद्दोजहद की, जिसमें देहरादून ने 25-20, 21-25,16-14 अंकों से जीत दर्ज की।
स्पर्धा में चंपावत की खिलाड़ी ममता पांडे उदीयमान खिलाड़ी, बागेश्वर की दीपा बेस्ट अटैकर, पौड़ी की प्रभा प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और फाइनल मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब देहरादून की शीतल को दिया गया। रेफरी की भूमिका में गोपाल बिष्ट, कमल किशोर सिंह, रमेश पंखोली, दीपक तिवारी, शैलेंद्र पंवार, नवीन कुंवर, बबीता रावत रहे, जबकि कविता कोटवाल स्कोरर रही। इस मौके पर उत्तराखंड वॉलीबाल संघ के महामंत्री हेम पुजारी, गोपीनाथ वॉलीबाल संघ के अध्यक्ष अशोक रावत, लता झिंक्वाण, जयदीप झिंक्वाण, प्रदीप कन्याल, केसी पंत, जगवीर सिंह नेगी, अजीत रावत और राजेंद्र रावत आदि मौजूद थे।