एक घंटे की बारिश में ही सक्रिय हुआ भूस्खलन जोन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। बारिश शुरू होते ही बदरीनाथ हाईवे के भूस्खलन जोन सक्रिय होने लगे हैं। शुक्रवार को करीब एक घंटे की बारिश से ही नंदानगर के भूस्खलन खेत्र पर्थाडीप में भारी मात्रा में बारिश के पानी के साथ मलबा हाईवे पर जमा हो गया इससे करीब आधा घंटे तक यात्रा वाहनों की आवाजाही थमी रही।
पर्थाडीप भूस्खलन क्षेत्र पिछले कई वर्षों से बरसात में परेशानी खड़ी कर देता है। बारिश होते ही यहां भूस्खलन होने लगता है। शुक्रवार को शाम चार बजे बारिश होने पर भूस्खलन वाली पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा पानी के साथ हाईवे पर आ गया जिससे यात्रा वाहनों की आवाजाही रुक गई। करीब आधा घंटे तक यहां जाम लगा रहा। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जाेशी ने बताया कि एनएचआईडीसीएल की जेसीबी के जरिये मलबे का निस्तारण किया गया। बारिश थमने के बाद वाहनों की सुचारु आवाजाही होने लगी है।